छूटे हुए एवं नए युवा मतदाताओं के पंजीकरण हेतु चलेगा विशेष अभियान
चाणक्य न्यूज़ इंडिया | हिमांशु शुक्ला | बलौदा बाजार-भाटापारा
ग्राउंड रिपोर्टिंग — बड़ौदाबाजार से
बलौदाबाजार, 1 अक्टूबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जिले में छूटे हुए एवं नए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान के लिए पात्र हुए युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ना है, जिनका पंजीकरण अब तक नहीं हो पाया है।
इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन एवं निरंतर अद्यतनीकरण करेंगे। इसके माध्यम से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया जाएगा।
प्रशासन ने नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और सभी पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिक ECI Net मोबाइल ऐप अथवा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रशासन ने विशेष रूप से नए एवं युवा मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने पंजीकरण की स्थिति की जांच करें और पात्र होने पर मतदाता सूची में अपना नाम विधिवत दर्ज कराएं।
