Mau – जल जीवन मिशन में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग, हिंदू जागरण समिति ने किया प्रदर्शन

0
1001280938.jpg

मऊ। केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना में कथित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर गुरुवार को हिंदू जागरण समिति के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

हिंदू जागरण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह ने कहा कि जल जीवन मिशन केंद्र और राज्य सरकार की सबसे महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना तथा “हर घर नल, हर घर जल” के संकल्प को साकार करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर योजना का क्रियान्वयन अपेक्षित स्तर पर नहीं हुआ है। अनेक गांवों में कार्य अधूरे पड़े हैं, कहीं पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कें क्षतिग्रस्त छोड़ दी गई हैं तो कहीं लोगों को नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा है। उन्होंने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की।

राष्ट्रीय संगठन महामंत्री एडवोकेट रामकृष्ण भारद्वाज ने कहा कि यदि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्टाचार हुआ है तो उसकी जवाबदेही तय की जानी चाहिए। उनका आरोप था कि अधिकारियों की कथित लापरवाही और उदासीनता के कारण सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ आम जनता तक पूरी तरह नहीं पहुंच पा रहा है।

समिति के जिलाध्यक्ष मनीष सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा जनहित में है, लेकिन यदि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही नहीं होगी तो उनका उद्देश्य प्रभावित होगा। इसलिए प्रत्येक कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए।

प्रांत उपाध्यक्ष बृजेश सिंह पटेल तथा प्रांत मंत्री गुड्डू सोनकर ने कहा कि जिन स्थानों पर जल जीवन मिशन के कार्य अधूरे हैं, उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाए। साथ ही गुणवत्ता की जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

प्रांत मंत्री रवि गुप्ता, अमित वर्मा तथा यूथ ब्रिगेड के अध्यक्ष आर्यन सिंह ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। यदि कहीं भी भ्रष्टाचार या लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई जनहित में आवश्यक है।

कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा जल जीवन मिशन के कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

इस अवसर पर राज श्रीवास्तव, एडवोकेट योगेंद्र प्रजापति, आशुतोष सिंह, अनुराग बर्नवाल, आकाश ठाकुर, गोलू गुप्ता, विजय कुमार गुप्ता, मनोज कुमार वर्मा, गोलू सोनकर, नखडू साहनी, राजकुमार मौर्य, राजेश कुमार राजभर, अखिलेश पाठक, सुभाष दुबे, सत्येंद्र सोनकर, रोशन सोनी, सत्यम गुप्ता, गिरिजा राजभर, तारकेश्वर जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed